रविवार, 20 अप्रैल 2008

शरीर के लिए कितना जरुरी है पानी?

आवाज़ समाचार

पानी की कमी शरीर को नुकसान पहुंचाती है। यह जानते हुए भी हम उतना पानी नहीं पीते जितना हमारे शरीर के लिए जरूरी है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हमारे शरीर को रोजाना कितने पानी की जरुरत होती है?
हमें रोज कितने ग्लास पानी पीना चाहिए? यह सवाल हममें से ज्यादातर लोग अपने डॉक्टर से पूछते हैं? लेकिन सबसे मजेदार यह है कि जवाब मिलने के बाद भी हमारे पानी पीने का तरीका ज्यों का त्यों बना रहता है।
पानी का महत्व हमारे शरीर में ऑक्सीजन के बाद दूसरे नम्बर पर है। एक सामान्य व्यक्ति खाने के बिना तो कुछ दिनों तक रह सकता है लेकिन पानी के बिना रहना नामुमकिन है। पानी की जरुरत शरीर के चयापचय, पाचन और अवशोषण क्रिया के लिए बहुत जरुरी है। शरीर से व्यर्थ निकले पदार्थ यानी यूरिया, पोटेशियम और सोडियम जैसे पदार्थ निकालने और तापमान को बरकरार रखने के लिए भी पानी बहुत जरुरी है।
एक आम व्यक्ति को दिन में कम से कम आठ-दस ग्लास पानी जरुर पीना चाहिए। लेकिन लड़कियों और महिलाओं को रोजाना कम से कम 20 ग्लास पानी पीना चाहिए क्योंकि इस तरह वो कई तरह की बीमारियों से बच सकती हैं मसलन, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (मूत्रतंत्रीय सबंधी संक्रमण)। पानी की कमी से उच्च-रक्तचाप, निर्जलीकरण, पेट की परेशानी जैसी कई परेशानियां भी होती है।
पानी पीने से सभी खराब तत्व जैसे सोडियम, पोटेशियम शरीर से निकल जाते हैं। पानी स्वस्थ और चमकदार त्वचा बनाने के लिए बहुत जरुरी है। इससे चेहरे पर झुर्रिया भी देर से पड़ती है, साथ ही शरीर की स्वस्थता को बरकरार रखने और मोटापे को नियंत्रित करने के लिए पानी बहुत जरुरी है।
पसीना, मूत्र और शरीर के दूसरे चयापचयी क्रिया की वजह से शरीर में पानी कम होता है। साथ ही अपनी जीवनशैली, व्यायाम करने का तरीका जैसी बातों पर भी पानी की जरुरत निर्भर करती है। गर्भवती और अपने बच्चों को दूध पिलाने वाली महिलाओं को पानी ज्यादा लेना चाहिए। इसके अलावा डायरिया, बुखार और दूसरी बीमारियों में भी ज्यादा पानी पीना चाहिए।
इतनी सारी खूबियों के बावजूद लोग ज्यादातर कम ही पानी पीते हैं। ऐसे में आदत बनानी चाहिए कि सुबह-सुबह उठते ही पानी जरुर लें। दिन भर थोड़ी-थोड़ी देर में पानी लेते रहना चाहिए। जूस नींबू पानी जैसी चीजें ज्यादा से ज्यादा लेना चाहिए। इनसे भी शरीर में पानी की कमी रोकने में मदद मिलती है। कार्यालय में अपनी सीट के पास पानी से भरा जग रखना चाहिए और यात्रा के दौरान पानी की बोतल अपने पास में जरुर रखना चाहिए।
साभार - http://www.josh18.com

कोई टिप्पणी नहीं: